Tuesday, 11 March 2025

आज़मगढ़ फूलपुर मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत, छात्रा गंभीर रूप से घायल परीक्षा देकर घर वापस लौटते समय हुई दुर्घटना


 आज़मगढ़ फूलपुर मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत, छात्रा गंभीर रूप से घायल


परीक्षा देकर घर वापस लौटते समय हुई दुर्घटना


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में परीक्षा देकर मोटरसाइकिल से वापस लौटते समय वाहन की चपेट में आने से जहां युवक की मौत हो गई वहीं मोटर साइकिल पर पीछे बैठी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना मंगलवार की शाम करीब 5 बजे घटित हुई। पुलिस ने वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार थाना मेहनगर के रामपुर गांव निवासी मोनू पाल (18) पुत्र सुरेश पाल दीदारगंज थाना क्षेत्र के रम्मोपुर निवासी अपनी मौसी की लड़की श्रृष्टि ( 16) पुत्री रामाशीष पाल को बाइक से संग्रामपुर विद्यालय से परीक्षा दिलाकर घर वापस जा रहा था। वह जैसे ही फूलपुर के खुरासन रोड स्टेशन के समीप पहुंचे ही थे कि पहले से खड़ी क्वालिस गाड़ी को चालक ने एकाएक चालू कर दिया जिसके चलते सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक चालक और छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां मोनू पाल को जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया है जहां डाक्टर ने मोनू पाल को मृत घोषित कर दिया क्वालिस चालक ओबैद को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

फिरोजाबाद भाई की पत्नी का गला काटने के बाद खुद को गोली से उड़ाया पुलिस को महिला की मोबाइल में मिले कई साक्ष्य


 फिरोजाबाद भाई की पत्नी का गला काटने के बाद खुद को गोली से उड़ाया



पुलिस को महिला की मोबाइल में मिले कई साक्ष्य



उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में एक व्यक्ति ने छोटे भाई की पत्नी का गला काट दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जेठ ने खुद को भी गोली मार ली। महिला की हत्या के 24 घंटे बाद सूनसान स्थान पर खून से लथपथ उसकी लाश बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से तमंचा भी बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सराय मुरलीधर में सोमवार की दोपहर महिला कुसुम की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या करने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस कप्तान और कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इस मामले में मृतक महिला के पति सतीश चंद्र द्वारा थाना सिरसागंज पर अपने सगे भाई आशाराम के विरुद्ध थाना सिरसागंज पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। 


घटना के बाद से ही आरोपी आशाराम लापता हो गया था। पुलिस को घटनास्थल के पास से महिला का मोबाइल मिला है। जिसमें कई तरह के साक्ष्य मिले हैं। जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही थी। इसमें जेठ से महिला के संबंध होने की बात सामने आ रही थी। वहीं आज मंगलवार को सराय मुरलीधर से लगभग एक किलो मीटर दूर एक व्यक्ति का शव होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर थाना प्रभारी वैभव कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। मृतक की पहचान हत्यारोपी जेठ आशाराम के रूप में की गई। हत्यारोपी ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया भी पहुंच गए। एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि हत्यारोपी ने आत्मग्लानि के चलते गोली मारकर आत्महत्या की है।

आजमगढ़ भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात रोडवेज व पुरानी जेल की जमीन पर पार्किंग का उठाया मुद्दा


 आजमगढ़ भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात



रोडवेज व पुरानी जेल की जमीन पर पार्किंग का उठाया मुद्दा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद दौरे पर आयीं राज्यपाल उत्तर प्रदेश शासन आनंदी बेन पटेल से आजमगढ़ कलेक्ट्रेट में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात कर जनपद के विभिन्न विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा किया। जिसमें लोकसभा लालगंज क्षेत्र के लालगंज बाईपास पर नए रोडवेज बस अड्डा बनवाने, आजमगढ़ शहर में खाली पड़ी पुरानी जेल की जमीन पर भूखंड ट्रांसफर कर मल्टी स्टोरेज पार्किंग व बड़ा पार्क बनवाने व फूलपुर में लाल मिर्चा मंडी विकसित कराने सम्बंधित ज्ञापन सौंपा गया।


भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यकर्ताओं व जनता की मांग पर लालगंज में रोडवेज/बस अड्डा बनवाने, पुरानी जेल की जमीन का भूखंड ट्रांसफर कर यहाँ पर बड़ा पार्क, बहुमंजिला पार्किंग, मिनी मार्केट विकसित कराने तथा फूलपुर में लाल मिर्चा मंडी विकसित करने सम्बंधित सार्थक चर्चा किया गया। इस अवसर पर भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, रमाकांत मिश्रा- क्षेत्रीय संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ , ऋषिकांत राय निवर्तमान जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज, माला द्विवेदी पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद उपस्थित रहें।

अयोध्या सुहाग की रात खूनी खेल, पहले दुल्हन का किया कत्ल, फिर दे दी जान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, घटना का कारण अब भी रहस्यमय


 अयोध्या सुहाग की रात खूनी खेल, पहले दुल्हन का किया कत्ल, फिर दे दी जान


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, घटना का कारण अब भी रहस्यमय


उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में सुहागरात में दुल्हन की हत्या के बाद दूल्हे ने खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है कि दुल्हन को मारकर दूल्हा आधे घंटे तक बैठा रहा। फिर फंदे से लटककर जान दे दी। सुहागरात के दिन दूल्हे ने रात करीब 12 बजे पहले दुल्हन को मौत के घाट उतारा। इसके बाद लगभग आधे घंटे तक वह कमरे में ही बैठा रहा। कुछ देर बाद ही खुद भी फंदे से लटककर दी जान। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। हालांकि घटना की वजह अब भी रहस्यमयी बनी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज मुरावन टोला निवासी प्रदीप कुमार और खंडासा थाना क्षेत्र के डीलीसरैया निवासी मंतूराम की पुत्री शिवानी की शादी 7 मार्च 2025 को हुई थी। शनिवार को विदा होकर दुल्हन ससुराल पहुंची। सभी रस्मों-रिवाजों को निभाते हुए रात में लगभग 11 बजे प्रदीप अपने कमरे में दुल्हन के पास चला गया। इस दौरान दोनों सामान्य अवस्था में राजी-खुशी से रहे। सुबह दोनों का शव मिलने से परिवार में हलचल मच गई। पुलिस को घटनास्थल से प्रदीप का मोबाइल फोन मिला था, दुल्हन के पास कोई फोन नहीं था। पुलिस अब तक घटना की मूल वजह तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना की तस्वीर कुछ साफ की है। 


रविवार की अपराह्न लगभग तीन बजे दुल्हन का पोस्टमार्टम हुआ था। डॉक्टरों के अनुसार पोस्टमार्टम के समय दुल्हन की मौत लगभग 15 घंटे पहले हुई थी। जबकि 03:30 बजे प्रदीप के शव का पोस्टमार्टम हुआ, इस समय तक लगभग 15 से 16 घंटे पहले उसकी मौत का अनुमान लगाया गया। इस तरह जाहिर है कि दुल्हन की हत्या के बाद प्रदीप लगभग आधे घंटे अपने कमरे में ही था। अनुमान है कि शायद आत्मग्लानि, पश्चाताप, समाज या जेल के भय से उसने आत्महत्या कर लिया होगा। हालांकि यह सब सिर्फ अनुमान ही बनकर रह गए हैं। पुलिस या परिजनों के पास भी इसे लेकर कोई तथ्य नहीं हैं। पूरी घटना अब भी रहस्यमय बनी है।


 प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में घटना की कोई ठोस वजह नहीं पता चली है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीडीआर भी खंगाला जा रहा है। बताते चलें कि अयोध्या के कैंट थाना इलाके के सहादतगंज मुरावन टोला में सुहागरात को ही दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दूल्हे का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला था, वहीं दुल्हन मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि दूल्हे ने दुल्हन की हत्या के बाद आत्महत्या की है।

आगरा दलित की बरात रोक घोड़ी पर बैठे दूल्हे की कनपटी पर लगा दी बंदूक बंदूक की बट से बरातियों पर किया हमला


 आगरा दलित की बरात रोक घोड़ी पर बैठे दूल्हे की कनपटी पर लगा दी बंदूक



बंदूक की बट से बरातियों पर किया हमला



उत्तर प्रदेश के आगरा के मलपुरा के गांव अजीजपुर में दलित की बरात में दबंगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि ब्राह्मण परिवार की बरात में आए बराती गाड़ी लेकर निकल रहे थे। रास्ता नहीं मिलने पर दोनों परिवार के बरातियों में विवाद हुआ। दलित परिवार का आरोप है कि दूसरी बरात में शामिल दबंगों ने बंदूक की बट से उनके बरातियों पर हमला किया। दूल्हे की कनपटी पर भी बंदूक रखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बरात निकलवाई। मामले में चार दिन बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।


धनौली निवासी मुकेश के बेटे विशाल की बरात छह मार्च को अजीजपुर आई थी। अजीजपुर निवासी विष्णु शर्मा के बेटे यश शर्मा की बरात जानी थी। निकासी हो रही थी। तभी विष्णु के बेटे की बरात में शामिल लोग गाड़ी से निकल रहे थे। रास्ता नहीं मिलने की वजह से हाॅर्न बजाया। मगर, मुकेश के बेटे की बरात से रास्ता नहीं मिल सका। इस पर विवाद हो गया।


मामला तूल पकड़ने पर पुलिस पहुंची। दोनों बरात को निकलवाया गया। हालांकि मुकेश जाटव ने थाना मलपुरा में तहरीर दी। आरोप लगाया कि दबंगों ने हमारे महापुरुषों की तस्वीर का अपमान किया। गाली गलौज की है। बंदूक की बट से हमला किया। जान से मारने की धमकी दी है। उनकी बरात को रोका।


एसीपी सैंया देवेश सिंह का कहना है कि बरात को रोकने और हमले का आरोप है। मामले में केस दर्ज किया है। जांच में मामला रास्ते से कार निकालने को लेकर विवाद का सामने आया है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि रास्ता काफी संकरा है। दो बरातों के निकलने की वजह से दिक्कत हुई थी। पूर्व में भी रास्ते को लेकर विवाद हो चुके हैं।