आजमगढ़ महराजगंज संदिग्ध परिस्थितियों में मिर्जापुर ब्लाक प्रमुख की पुत्री की हुई मौत
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, 5 लोगो को पुलिस ने लिया हिरासत में
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के जमीलपुर गांव में ब्याही मिजार्पुर ब्लॉक प्रमुख के पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। जानकारी होने के बाद पहुंचे परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवपार गांव निवासी फिरती देवी वर्तमान में आजमगढ़ जनपद के मिजार्पुर ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख है उनके पति शम्भूनाथ यादव उर्फ साधु यादव भी ब्लॉक प्रमुख रह चुके है। उन्होंने अपनी पुत्री 28 वर्षीय पूजा यादव की शादी 16 फरवरी 2020 को महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के जमीलपुर गांव निवासी रामबहादुर यादव पुत्र अयोध्या यादव के साथ किये थे।
शनिवार को मायके वालों को सूचना मिली की पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसकी जानकारी होने के बाद परिवार के लोग वहां पहुंचे तो देखा की पूजा का शव नीचे पड़ा हुआ है। जिस पर मायके वालों ने शंका जताई की उसने सुसाइड नहीं किया है बल्कि उसकी हत्या की गयी है। वही इस मामले में मृतका के भाई भाजपा नेता बलवंत यादव ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उसके बहन की शादी बड़े ही धूमधाम से हुई थी। कुछ साल तक तो मामला ठीक चला लेकिन फिर ससुराल के लोग पूजा को प्रताड़ित करने लगे जिसकी शिकयत मिल रही थी लेकिन पारिवारिक मामला होने के कारण हम लोग उसे समझा देते थे।
शुक्रवार शाम को पूजा का फोन आया की उसके साथ मारपीट की गयी है। और शनिवार सुबह उसके मौत की सूचना आ गई। बलवंत ने बताया कि ससुराल के लोग दहेज में चार पहिया गाड़ी, दस लाख रुपये और जेवरात की मांग कर रहे थे और उसकी बहन को लगातार इसके लिए प्रताड़ित भी कर रहे थे। इस कारण उन लोगों ने उसकी हत्या करके उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश किये। मृतका का पति नैनीताल रेलवे में काठ गोदाम में काम करते है और अभी दो दिन पूर्व ही वह घर से गए है। इस मामले में बलवंत ने दहेज हत्या का आरोप लगते हुए थाने में तहरीर दे है।
तहरीर में बलवंत यादव ने आरोप लगाया है कि मृतका के पति राम बहादुर यादव, ससुर अयोध्या यादव, सास सेवाती यादव, ननद अंतिमा व पूनम यादव के साथ ही देवर हरिराम यादव दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। वही इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने 6 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसमें से पांच को हिरासत में ले लिया गया है। छठवें व्यक्ति की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी। आगे जो भी तथ्य जांच में आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।