Tuesday, 11 March 2025

अयोध्या सुहाग की रात खूनी खेल, पहले दुल्हन का किया कत्ल, फिर दे दी जान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, घटना का कारण अब भी रहस्यमय


 अयोध्या सुहाग की रात खूनी खेल, पहले दुल्हन का किया कत्ल, फिर दे दी जान


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, घटना का कारण अब भी रहस्यमय


उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में सुहागरात में दुल्हन की हत्या के बाद दूल्हे ने खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है कि दुल्हन को मारकर दूल्हा आधे घंटे तक बैठा रहा। फिर फंदे से लटककर जान दे दी। सुहागरात के दिन दूल्हे ने रात करीब 12 बजे पहले दुल्हन को मौत के घाट उतारा। इसके बाद लगभग आधे घंटे तक वह कमरे में ही बैठा रहा। कुछ देर बाद ही खुद भी फंदे से लटककर दी जान। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। हालांकि घटना की वजह अब भी रहस्यमयी बनी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज मुरावन टोला निवासी प्रदीप कुमार और खंडासा थाना क्षेत्र के डीलीसरैया निवासी मंतूराम की पुत्री शिवानी की शादी 7 मार्च 2025 को हुई थी। शनिवार को विदा होकर दुल्हन ससुराल पहुंची। सभी रस्मों-रिवाजों को निभाते हुए रात में लगभग 11 बजे प्रदीप अपने कमरे में दुल्हन के पास चला गया। इस दौरान दोनों सामान्य अवस्था में राजी-खुशी से रहे। सुबह दोनों का शव मिलने से परिवार में हलचल मच गई। पुलिस को घटनास्थल से प्रदीप का मोबाइल फोन मिला था, दुल्हन के पास कोई फोन नहीं था। पुलिस अब तक घटना की मूल वजह तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना की तस्वीर कुछ साफ की है। 


रविवार की अपराह्न लगभग तीन बजे दुल्हन का पोस्टमार्टम हुआ था। डॉक्टरों के अनुसार पोस्टमार्टम के समय दुल्हन की मौत लगभग 15 घंटे पहले हुई थी। जबकि 03:30 बजे प्रदीप के शव का पोस्टमार्टम हुआ, इस समय तक लगभग 15 से 16 घंटे पहले उसकी मौत का अनुमान लगाया गया। इस तरह जाहिर है कि दुल्हन की हत्या के बाद प्रदीप लगभग आधे घंटे अपने कमरे में ही था। अनुमान है कि शायद आत्मग्लानि, पश्चाताप, समाज या जेल के भय से उसने आत्महत्या कर लिया होगा। हालांकि यह सब सिर्फ अनुमान ही बनकर रह गए हैं। पुलिस या परिजनों के पास भी इसे लेकर कोई तथ्य नहीं हैं। पूरी घटना अब भी रहस्यमय बनी है।


 प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में घटना की कोई ठोस वजह नहीं पता चली है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीडीआर भी खंगाला जा रहा है। बताते चलें कि अयोध्या के कैंट थाना इलाके के सहादतगंज मुरावन टोला में सुहागरात को ही दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दूल्हे का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला था, वहीं दुल्हन मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि दूल्हे ने दुल्हन की हत्या के बाद आत्महत्या की है।

No comments:

Post a Comment