Saturday 19 October 2024

औरैया पहले पत्नी फिर सिपाही पति ने लगाई फांसी 3 घंटे के अंतराल में हुई 2 मौतों से मचा कोहराम


 औरैया पहले पत्नी फिर सिपाही पति ने लगाई फांसी


3 घंटे के अंतराल में हुई 2 मौतों से मचा कोहराम




उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के मोहल्ला बनारसीदास में शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब एक घर में विवाहिता को पंखे पर फंदे से लटकता देख ससुरालीजन उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मायके और ससुरालियों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोपहर ढाई बजे के करीब रायबरेली में तैनात महिला के सिपाही पति का शव भी फंदे पर मिलने की सूचना मिली। तीन घंटे के अंतराल में दंपती की मौत से सभी आहत हैं। मायके पक्ष व ससुरालियों के आरोपों से दंपती के बीच कलह की बात सामने आई।


 मोहल्ला बनारसीदास निवासी संतोषी (26) की शुक्रवार सुबह ससुराल में घर पर थी। इसी बीच साढ़े 11 बजे के बीच घर में चीख-पुकार मची तो पड़ोसी भी पहुंचे, कमरे में फंदे से लटक रही संतोषी को किसी तरह परिजनों ने उतारा। सांसे चलती देख मोहल्ले के लोगों के सहयोग से ससुरालीजन संतोषी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने संतोषी को मृत घोषित किया। उधर जानकारी पर इटावा जनपद के अजीत नगर से संतोषी के मायके पक्ष के लोग पहुंचे। संतोषी के चाचा मनोज कुमार ने बताया कि संतोषी की शादी नवंबर 2023 में बनारसीदास निवासी उपेंद्र कुमार के साथ हुई थी। 


वर्तमान में उपेंद्र कुमार रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में सिपाही के पद पर तैनात है। संतोषी के चाचा व अन्य मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति उपेंद्र व अन्य ससुरालीजन संतोषी को आए दिन किसी न किसी बात को लेकर परेशान करते थे। इसको लेकर कई बार समझौता हुआ। उपेंद्र कुमार हर बार पुलिस में होने की धमकी देता था। आरोप लगाया कि ससुरालीजन ने संतोषी की हत्या कर उसे अस्पताल लेकर आए और फरार हो गए। इसी बीच दोपहर ढाई बजे के करीब रायबरेली से सूचना आ गई कि उपेंद्र का कमरे में शव फंदे पर लटका मिला है। उपेंद्र के बड़े भाई सत्येंद्र ने बताया कि मामूली बातों की कलह दोनों की जान ले लेगा यह किसी ने नहीं सोचा था। लाख प्रयास के बाद भी दोनों के बीच तालमेल न बैठा और ऐसा कदम उठा बैठे। सीओ सिटी ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों के द्वारा अस्पताल ले जाने पर मौत हो जाने की पुष्टि हुई है। रायबरेली के ऊंचाहार में तैनात महिला के सिपाही पति ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। तहरीर व साक्ष्य समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ अहरौला भाजपा एमएलसी का पास लगे वाहन को पुलिस ने रोका पुलिस ने पास को किया जब्त, वाहन को थाने में किया खड़ा


 आजमगढ़ अहरौला भाजपा एमएलसी का पास लगे वाहन को पुलिस ने रोका


पुलिस ने पास को किया जब्त, वाहन को थाने में किया खड़ा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना अध्यक्ष मनीष पाल ने गुरुवार देर शाम विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर की शिकायत पर उनके पास को अनधिकृत रूप से प्रयोग कर रहे एक इनोवा वाहन को रोक लिया। उसके बाद पुलिस ने पास को जब्त कर वाहन स्वामी को तीन घंटे बाद कड़ी चेतावनी देने के बाद वाहन को पुलिस चौकी माहुल से जाने दिया। क्षेत्र के महुआरा गाँव निवासी सुधीर राजभर को एमएलसी रामसूरत राजभर ने अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था। कतिपय कारणों से उन्होंने तीन माह पहले सुधीर राजभर को हटा कर किसी दूसरे व्यक्ति को इस स्थान पर नियुक्त कर दिया। पर सुधीर राजभर सचिवालय द्वारा जारी पास को अपने इनोवा वाहन पर लगा कर इसका अनधिकृत रूप से प्रयोग कर रहे थे , और पास को वापस भी नहीं कर रहे थे। जिसकी शिकायत रामसूरत राजभर ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से किया था।


 गुरुवार देर शाम सुधीर राजभर अपने एक साथी के साथ पास लगे वाहन को लेकर माहुल बाजार से निकल रहे थे। जैसे ही थानाध्यक्ष अहरौला मनीष पाल ने उक्त वाहन को देखा उसे रोक लिया और पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया साथ ही साथ वाहन से पास को उतरवा कर जब्त कर लिया। रात करीब 9 बजे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहन को पुलिस चौकी से जाने दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर किरन पाल सिंह का कहना है कि सचिवालय द्वारा जारी एमएलसी के वाहन पास को वाहन से जब्त कर लिया गया है और वाहन स्वामी को भविष्य में ऐसा न करने की कड़ी चेतावनी देकर वाहन को जाने दिया गया।

आजमगढ़ अहरौला पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ा कर जान से मारने का प्रयास 4 पुलिस कर्मी घायल, 1 की हालत गंभीर


 आजमगढ़ अहरौला पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ा कर जान से मारने का प्रयास


4 पुलिस कर्मी घायल, 1 की हालत गंभीर




उत्तर प्रदेश का आजमगढ़ मे अहरौला थाना क्षेत्र में पशु तस्करों द्वारा पुलिस पीआरबी पर पिकअप चढ़ाकर जान लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हुए। इन चारों पुलिस कर्मियों मे से एक की हालत गंभीर है। जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।


जानकारी मिलने के बाद एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने अहरौला थाने का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में दो नामजद और 8 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अहरौला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार बताते चलें कि अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल में गुरुवार की रात को मेला लगा हुआ था। मेले में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी। अहरौला थाना क्षेत्र के ही शाहपुर के मेले में दो पुलिसकर्मी परीक्षित दुबे और सौरव राय की ड्यूटी लगी हुई थी। यह दोनों पुलिसकर्मी मेले से वापस लौट रहे थे। इसी बीच अम्बारी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पशु तस्करों की पिकअप ने रेहड़ा मंदिर के पास बाइक सवार दोनों पुलिस कर्मियों को कुचलकर जान से करने का प्रयास किया। इस हादसे में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुछ दूर जाने के बाद पिकअप ने फिर डायल 112 के दो पुलिस कर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया गया और फायरिंग भी की गई। इस तरह से दो अलग-अलग मामलों में चारों पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों घटनाओं को अंजाम देने के बाद तस्करों की गाड़ी सड़क किनारे खेत में जाकर फंस गई। इस गाड़ी में 5 लोग बैठे थे और जोर-जोर से यह भी चिल्ला रहे थे कि पुलिस वाले अभी मरे नहीं हैं। पुलिस ने इस मामले में इरशाद, नफीस और 8 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है।


इस बाबत एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अहरौला थाने में दो नामजद और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।