Wednesday 5 June 2024

वाराणसी, पूर्वांचल की सबसे कम उम्र की सांसद बनीं प्रिया सरोज पहले ही प्रयास में पहुंचीं संसद, 35850 वोटों से भाजपा को हराया


 वाराणसी, पूर्वांचल की सबसे कम उम्र की सांसद बनीं प्रिया सरोज


पहले ही प्रयास में पहुंचीं संसद, 35850 वोटों से भाजपा को हराया



उत्तर प्रदेश वाराणसी, पूर्वांचल के 10 जिलों की 13 लोकसभा सीट से इस बार के आम चुनाव में पहली बार प्रमुख राजनीतिक दलों ने पांच महिला प्रत्याशियों पर दांव लगाया। हालांकि वर्ष 2014 से जारी रिवाज कायम रहा और लगातार तीसरी बार दो महिला प्रत्याशी ही संसद तक पहुंच पाईं।


मिली जानकारी के अनुसार चुनाव जीतने वाली महिला प्रत्याशियों में मिर्जापुर लोकसभा से अपना दल-एस की अनुप्रिया पटेल और मछलीशहर (सु.) संसदीय क्षेत्र से प्रिया सरोज शामिल हैं। पूर्वांचल में इस बार लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर से अपना दल-एस की अनुप्रिया पटेल, मछलीशहर (सु.) से प्रिया सरोज, राबर्ट्सगंज (लो.) से रिंकी कोल और लालगंज (सु.) से भाजपा की नीलम सोनकर और बसपा की डॉ. इंदू चौधरी प्रत्याशी थीं। अनुप्रिया पटेल को मिर्जापुर जिले के मतदाताओं ने लगातार तीसरी बार अपना प्रतिनिधि चुन कर संसद भेजा। वह पूर्वांचल की इकलौती महिला नेता हैं जो लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव जीती हैं। इसके अलावा प्रिया सरोज को पहले ही प्रयास में मछलीशहर (सु.) लोकसभा सीट से संसद तक का सफर तय करने का सुअवसर मिला। वहीं, तीन अन्य महिला प्रत्याशियों रिंकी कोल, नीलम सोनकर और डॉ. इंदू चौधरी को उनके लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने खारिज कर दिया। 


पूर्वांचल के 10 जिलों से 1952 से लेकर 2019 के लोकसभा चुनाव तक महज छह महिलाएं ही आठ बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद तक पहुंच पाई। पूर्वांचल में पहली बार आजमगढ़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस की मोहसिना किदवई वर्ष 1978 का उपचुनाव जीती थीं। फिर, छह वर्ष बाद 1984 में चंदौली लोकसभा क्षेत्र से दिग्गज कांग्रेसी रहे पंडित कमलापति त्रिपाठी की बहू चंद्रा त्रिपाठी ने कांग्रेस के सिंबल पर आम चुनाव में जीत दर्ज की थी।


 इसके बाद वर्ष 1996 में दस्यु सुंदरी फूलन देवी मिर्जापुर लोकसभा सीट से सपा के सिंबल पर चुनाव जीतीं। वर्ष 1999 का आम चुनाव फूलन देवी समाजवादी पार्टी के सिंबल पर पुनः मिर्जापुर से जीतीं। वर्ष 2014 के आम चुनाव हुए तो मिर्जापुर से अपना दल-एस की अनुप्रिया पटेल और लालगंज (सु.) लोकसभा सीट से भाजपा की नीलम सोनकर सांसद चुनी गईं। वर्ष 2019 के आम चुनाव में मिर्जापुर से एक बार फिर अनुप्रिया पटेल और लालगंज (सु.) सीट से बसपा की संगीता आजाद सांसद चुनी गईं।

आजमगढ़ शहर कोतवाली अस्पताल से चोरी नवजात बरामद, महिला गिरफ्तार 3 लाख रूपये के लिए बच्चे को बेचने की थी योजना


 आजमगढ़ शहर कोतवाली अस्पताल से चोरी नवजात बरामद, महिला गिरफ्तार


3 लाख रूपये के लिए बच्चे को बेचने की थी योजना



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार की देर रात जिला महिला अस्पताल से चोरी गई नवजात बालिका की बरामदगी करते हुए वारदात को अंजाम देने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया। इस उपलब्धि को हासिल करने में पुलिस को अस्पताल एवं शहर क्षेत्र में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद सफलता हासिल हुई।


 जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव निवासी चंदन पाल ने अपनी बहन को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। बीते 30 मई 2024 को प्रसूता ने नवजात बालिका को जन्म दिया। तभी से जच्चा-बच्चा दोनों महिला अस्पताल में भर्ती थे। 


सोमवार की देर रात अस्पताल में आई एक महिला अपने बेड पर सोई महिला के बगल में सोई नवजात को चुरा ले गई। इसकी जानकारी होने पर महिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी गई। अस्पताल से बच्चा चोरी की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्चा चोरी की घटना कैद हो गई थी। इस आधार पर पुलिस ने अस्पताल के आसपास एवं शहर क्षेत्र में तमाम जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी। पुलिस ने इस मामले में कंधरापुर क्षेत्र के मातनपुर गांव निवासी सरोज नामक महिला को चिन्हित कर लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपित महिला के घर छापेमारी कर चोरी गई नवजात बालिका की बरामदगी करते हुए सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पकड़ी गई महिला ने बच्चा चोरी का जुर्म कबूल करते हुए राज खोला कि वह कंधरापुर क्षेत्र के बरईपुर गांव निवासी सुरज कुमार उर्फ पप्पू के साथ लगभग 6 वर्ष से रिलेशन में है। 


सूरज को एनआईएस (स्पोर्टस कोच) की पढाई हेतु करीब तीन लाख रुपये की आवश्यकता थी। रकम जुटाने के लिए सरोज ने अपने साथी सूरज कुमार व अन्य लोगों के साथ मिलकर सोमवार की देर रात अस्पताल से बच्चा चोरी कर उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में लगे थे। इसी दौरान सारे राज खुल गए। नवजात की बरामदगी कर उसे पीड़ित परिवार को सुपुर्द कर दिया गया। नवजात को पाकर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पकड़ी गई महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आजमगढ़ सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के एन0सी0सी0 शिविर में हुआ वृक्षारोपण और पर्यावरण संगोष्ठी 99 यू0पी0 बटालियन एन0सी0सी0 के कैडेट आजीवन बनेंगे पर्यावरण के प्रहरी-कैम्प कमाण्डेन्ट


 आजमगढ़ सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के एन0सी0सी0 शिविर में हुआ वृक्षारोपण और पर्यावरण संगोष्ठी



99 यू0पी0 बटालियन एन0सी0सी0 के कैडेट आजीवन बनेंगे पर्यावरण के प्रहरी-कैम्प कमाण्डेन्ट



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सर्वाेदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में चल रहे 99 यू पी बटालियन एन सी सी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर,सी ए टी सी-312 के अंतिम दिन,विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग आज़मगढ़ से आये हुये ए0 सी0 एफ0 नवीन वर्मा,जिला परियोजना अधिकारी, प्रखर त्रिपाठी, डिप्टी रेंजर लक्ष्मी सोनकर व अन्य ने कैडेटों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व को विस्तार से बताया।


 कैम्प कमाण्डेन्ट ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग के इस संकटकाल में एन सी सी के अनुशासित और समर्पित युवा उम्मीद की किरण है जो न केवल वृक्षारोपण अपितु पर्यावरण संरक्षण के प्रत्येक पहलुओं के सशक्त संदेशवाहक बनेंगे अपितु पर्यावरण की रक्षा के सजग चौकीदार बनकर भावी पीढ़ी के लिए सुन्दर और हरी भरी धरती की संकल्पना को साकार करेंगे,एन सी सी के अनुशासित और समर्पित युवा पर्यावरण के सजग प्रहरी है और इनकी बड़ी भूमिका है। 


सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के प्रबन्धक राजेन्द्र यादव की उपस्थिति में बटालियन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ शिविर के प्रतिभागी कैडेटों ने कैंपस में कदम्ब,चितवन,नीम तथा अन्य पर्यावरण के अनुकूल पौधों के साथ वृहद पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर सहयुक्त एन सी सी अधिकारीगण,पी आई स्टॉफ, कैडेट्स और सर्वाेदय पब्लिक स्कूल का स्टाफ भी सक्रिय रूप में उपस्थित रहें।

जौनपुर खेतासराय एक लाख का इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर आजमगढ़ जनपद सहित कई जिलों में हत्या व लूट समेत दर्ज हैं 37 मुकदमे


 जौनपुर खेतासराय एक लाख का इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर



आजमगढ़ जनपद सहित कई जिलों में हत्या व लूट समेत दर्ज हैं 37 मुकदमे



उत्तर प्रदेश जौनपुर जिले के खेतासराय के सोंगर पुलिया के पास जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली। यहां मुठभेड़ में अंतरजनपदीय आतंक का पर्याय बन चुके एक लाख के इनामिया अपराधी को ढेर कर दिया गया। अपराधी के खिलाफ खेतासराय, सरपतहां, बक्शा, बदलापुर, स्वाट, स्पेशल स्वाट व सर्विलांस पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुआ। 


पुलिस टीम द्वारा खेतासराय सोंगर से आगे पुलिया के पास मंगलवार की रात्रि वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक को रोका गया परंतु चालक पुलिस पर फायरिंग कर सोंगर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा सोंगर पुलिया के पास बदमाशों को घेर लिया गया। उन्हें आत्म समर्पण के लिए कहने पर अपराधी द्वारा पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से लक्ष्य बनाकर फायरिंग की गई। जिसमें उप निरीक्षक विवेक तिवारी के हाथ में व निरीक्षक रामजन्म यादव के बुलेट प्रूफ जाकेट पर गोली लगी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली एक अपराधी को लगी, जिससे वह घायल हो गया।


 इस दौरान उसका एक साथी अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गया। घायल अपराधी को पुलिस टीम द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए अपराधी की पहचान प्रशांत सिंह उर्फ प्रिंस सिंह निवासी ईश्वरी नेवादा थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर के रूप में हुई।


 बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रशांत के खिलाफ जौनपुर व प्रदेश के अन्य जनपदों में हत्या व लूट जैसे जघन्य 37 अपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि खेतासराय के सोंगर के पास पुलिस व अपराधियों में मुठभेंड हुई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ढेर हो गया, उसका एक साथी भागने में कामयाब हुआ। जिसकी तलाश की जा रही है। मृत अपराधी के खिलाफ जौनपुर, अयोध्या, आजमगढ़, महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई राज्यों में 37 मुकदमें दर्ज बताए गए हैं।