Friday 23 August 2024

आगरा भाजपा नेता के मैरिज होम में दलित किशोरी से गैंगरेप जिंदा दफनाने की थी तैयारी, भतीजे और ड्राइवर पर मुकदमा


 आगरा भाजपा नेता के मैरिज होम में दलित किशोरी से गैंगरेप



जिंदा दफनाने की थी तैयारी, भतीजे और ड्राइवर पर मुकदमा 



उत्तर प्रदेश आगरा में भाजपा नेता प्रेमचंद कुशवाह के मैरिज होम में एक दलित किशोरी के साथ दरिंदगी हुई है। मुख्य आरोपित भाजपा नेता का चालक है। भाजपा नेता के भतीजे को भी नामजद किया गया है। किशोरी को जिंदा दफनाने की तैयारी थी। समय रहते भीड़ के पहुंचने पर हत्या की घटना टल गई। घटना के विरोध में गुरुवार को सदर थाने में लगभग तीन घंटे तक हंगामा चला। पुलिस ने भाजपा नेता के चालक को दुराचार और पोक्सो में जेल भेजा है। भतीजे की भूमिका के संबंध में जांच चल रही है।


 घटना बुधवार रात करीब नौ बजे की है। लगभग 16 वर्षीय किशोरी घर के पास ही एक दुकान पर सामान लेने गई थी। किशोरी के माता-पिता नहीं हैं। अपनी मौसी के साथ रहती है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बिटिया घर नहीं लौटी तो उन्हें चिंता हुई। उसकी तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने बताया कि आखिरी बार बिटिया को कुशवाह महासभा के पदाधिकारी प्रेमचंद कुशवाह के माधव मैरिजहोम के पास देखा था। परिजन मैरिज होम पहुंचे। आरोप है कि वहां भाजपा नेता प्रेमचंद और उनके भतीजे आकाश ने अंदर नहीं जाने दिया। किशोरी के परिजन पीछे की दीवार कूदकर अंदर पहुंचे। अंदर की हालत देख अवाक रह गए। किशोरी बदहवास हालत में मिली। उसने बताया कि भीमसैन उर्फ भीमा ने उसके साथ दुराचार किया। वहां गड्डा खुदा हुआ था। उसे जिंदा दफनाने की तैयारी थी।


 सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए भेजा। रात को लेडी लॉयल अस्पताल में मेडिकल नहीं हुआ। घरवाले इस बात पर आरोप लगाने लगे कि पुलिस मेडिकल नहीं कराना चाहती है। बमुश्किल सुबह मेडिकल हुआ। रात में ही मुकदमा लिख गया था। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोग सदर थाने पहुंचे। घटना के विरोध में थाना घेर लिया। किशोरी के परिजन घटना को गैंगरेप बताने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाया। बताया कि पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं। बयानों में वह जो भी आरोप लगाएगी पुलिस उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई करेगी।


लगभग तीन घंटे तक थाने पर हंगामा चला। दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने भीड़ को बताया कि दुराचार का मुख्य आरोपित भीमसेन उर्फ भीमा पकड़ गया है। इस जानकारी के बाद भीड़ शांत हुई। थाना खाली किया। एसीपी सुकन्या शर्मा के अनुसार किशोरी से हुई वारदात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment