Friday 5 July 2024

बरेली दरोगा ने चार्जशीट में किया ऐसा कारनामा देखकर जज भी रह गए हैरान, कोर्ट के आदेश से खलबली


 बरेली दरोगा ने चार्जशीट में किया ऐसा कारनामा



देखकर जज भी रह गए हैरान, कोर्ट के आदेश से खलबली




उत्तर प्रदेश बरेली में एक दरोगा का अजब कारनामा सामने आया है। दुष्कर्म के मुकदमे में आरोपपत्र दाखिल करते समय दरोगा को जब गवाहों के मोबाइल नंबर नहीं पता चले तो उन्होंने 91 लिखकर उसके आगे आठ जीरो बढ़ा दिए। जज रवि कुमार दिवाकर ने आरोपपत्र देखा तो दंग रह गए। अब 09 जुलाई 2024 को अदालत ने दरोगा के साथ एफआईआर लेखक को तलब किया है। वहीं, आरोप पत्र अदालत में भेजने वाले सीओ ने भी गलती स्वीकारी है। 


दुष्कर्म के मुकदमे में भमोरा थाने के दरोगा सत्येंद्र ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र लगाया। आरोप पत्र सीओ आंवला नीलेश मिश्र ने अदालत में भेज दिया। जज रवि कुमार दिवाकर जब आरोप पत्र देख रहे थे तो उसमें गवाहों के कॉलम के आगे उनके मोबाइल नंबर की जगह 9100000000 लिखा था। मुकदमे के 11 गवाहों के नाम के आगे यही मोबाइल नंबर दर्ज था। इसके अलावा सीओ का नाम नहीं लिखा था। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि आरोप पत्र की जांच की गई। उन्होंने गलती मानते हुए आगे से इसका ध्यान रखने की बात कही। कहा कि विवेचक की भी गलती है। अब अदालत ने विवेचक के साथ ही एफआईआर लेखक को भी 09 जुलाई 2024 को अदालत में तलब किया है। इसके अलावा अन्य गवाहों को भी बुलाया है।


 दरोगा सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 09 जुलाई 2024 को वह अदालत में जाकर अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि मोबाइल नंबर नहीं पता चल रहे थे, इसलिए जल्दबाजी में गलती कर गए।

No comments:

Post a Comment