Wednesday 22 May 2024

आजमगढ़ शहजादे देंगे शह और जनता देगी मात अखिलेश यादव का पीएम मोदी और सीएम योगी पर हमला


 आजमगढ़ शहजादे देंगे शह और जनता देगी मात



अखिलेश यादव का पीएम मोदी और सीएम योगी पर हमला



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ लोकसभा चुनाव में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी हैं। अखिलेश और राहुल को पीएम मोदी और सीएम योगी शहजादे के नाम से संबोधित कर रहे हैं। मोदी-योगी के इसी हमले का बुधवार को आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने जवाब दिया। अखिलेश ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के दोनों शहजादे भाजपा को शह देंगे और जनता मात देगी। धर्मेंद्र यादव के लिए आयोजित चुनावी रैली में अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और हम लोगों को शहजादे शहजादे कहा जा रहा है। इस बार देखना दोनों शहजादे मिलकर ऐसी शह देंगे और जनता ऐसी मात देगी कि इनका पता नहीं लगेगा कि कहां गए। इस बार शहजादे शह देने वाले हैं और जनता मात देने वाली है। 


सपा प्रमुख ने भाजपा में लोकतंत्र नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग जी-20 लेकर घूम रहे थे उस पार्टी में सिर्फ दो लोगों की चलती है। बाकी सब शून्य हैं। हमारे जो लखनऊ वाले (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) हैं, इधर सुनने में आया है कि उनकी भी भाषा बदल गई है। यह जो समय-समय पर बुलडोजर लेकर चलते थे, उन्हें पता ही नहीं है कि इस बार लीकेज कहां पर है जिसके कारण सब पेपर लीक हो रहे हैं। सपा और कांग्रेस द्वारा पिछड़ों और दलितों का आरक्षण छीन कर मुसलमान को देने की साजिश रचने के भाजपा के आरोप का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई किसी का आरक्षण नहीं छीन रहा है। अगर आरक्षण को लेकर किसी ने धोखा दिया है तो वह भाजपा है। उसके फैसलों ने हमारे आप के आरक्षण को छीनने का काम किया है। सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में 69000 शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण व्यवस्था को सही तरीके से लागू नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षक उचित आरक्षण के लिए कई वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि हम नौजवानों से कह रहे हैं कि शिक्षा विभाग में जितनी भी जगह खाली हैं, वह तो भरी ही जाएंगी, मगर इसके साथ-साथ आरक्षण को लेकर जो भेदभाव हुआ है, उसका भी समाधान किया जाएगा।


 उन्होंने कहा कि इस बार आजमगढ़ में ‘इंडिया’ गठबंधन का कमाल चल रहा है और अब तो पूर्व विधायक गुड्डू जमाली भी साथ आ गए हैं। सपा प्रमुख ने आजमगढ़ से मौजूद भाजपा सांसद एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यह लोग ‘डबल इंजन’ सरकार वाले हैं। आजमगढ़ में तो नए तरह का मामला है। यहां तो ‘डबल अभिनय’ वाले लोग हैं इसलिए उनसे भी सावधान रहना। अखिलेश ने कहा कि चार जून को आप देख लेना एक नई फिल्म रिलीज होगी जिसको पूरा देश देखेगा। जो भाजपा वाले बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, उन्हें ढूंढा जाएगा कि वह कहां गए। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी पर भाजपा से हाथ मिलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर आप उत्तर प्रदेश का चुनाव देखेंगे तो भाजपा ने बहुजन समाज पार्टी के साथ अंदर ही अंदर हाथ मिला लिया है, इसलिए दोनों ही पार्टियों से सावधान रहना होगा। सपा प्रमुख ने दावा किया कि इस बार ऐसा लग रहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने जा रहा है।

No comments:

Post a Comment