Sunday 3 September 2023

कानपुर हर्ष फायरिंग के दौरान घायल हुआ वकील अवैध रिवाल्वर की गोली पेट मे धंसी


 कानपुर हर्ष फायरिंग के दौरान घायल हुआ वकील 


अवैध रिवाल्वर की गोली पेट मे धंसी


उत्तर प्रदेश कानपुर कोहना में बर्थडे में शराब पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में अधिवक्ता नीरज कुमार कश्यप (40) को गोली लग गई। दोस्तों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर हालत में काकादेव स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अधिवक्ता के भाई की तहरीर पर 12 से ज्यादा लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लिया है।


 मछली मोहल्ला निवासी नीरज कश्यप अधिवक्ता हैं। इसके साथ ही मछली की आढ़त का भी काम करते हैं। शुक्रवार को उनका जन्मदिन था। देर रात करीब 12 बजे उनके 12 से अधिक मित्र भैरव घाट के पास स्थित पंपिंग स्टेशन पर बर्थडे मनाने पहुंचे। यहां शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान केक काटा गया। एक युवक ने रिवाल्वर निकाल हवा में फायर किया लेकिन वह मिस हो गया। उसने रिवाल्वर चेक करने के लिए जैसे ही नीचे की ओर किया तभी गोली चल गई जो नीरज के पेट में जा धंसी। गोली लगते ही नीरज नीचे गिर गया।


 परिजनों के अनुसार नीरज के पेट से खून निकलता देख वहां मौजूद कई दोस्त मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे रीजेंसी में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, शनिवार को बर्थडे पार्टी के दौरान गोली चलने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। नीरज के भाई धीरज ने बताया कि गोली पेट से आरपार हो गई। डॉक्टरों ने इंफेक्शन की बात कही है।


 एसीपी कर्नलगंज अकमल खां ने बताया कि पार्टी के दौरान मकड़ीखेड़ा निवासी आकाश चौहान ने अवैध रिवाल्वर से फायर किया। वायलर वीडियो में साफ दिख रहा है कि विक्रम नाम के युवक ने रिवाल्वर दी थी। घायल नीरज के भाई धीरज की तहरीर पर आकाश चौहान समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विक्रम को हिरासत में ले लिया गया है। साथ में यह भी जांच की जा रही है, कि इन युवकों के पास रिवाल्वर कहां से आई है।

No comments:

Post a Comment