Monday 28 August 2023

बलिया घर में घुसकर युवती के सिर में मारी गोली अलसुबह हुई घटना से मचा हाहाकार, गोली की आवाज से खुली परिजनों की नींद


 बलिया घर में घुसकर युवती के सिर में मारी गोली


अलसुबह हुई घटना से मचा हाहाकार, गोली की आवाज से खुली परिजनों की नींद


उत्तर प्रदेश बलिया जिले से सनसनीखेज घटना की जानकारी सामने आई है। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुरचिट गांव में सोमवार अलसुबह युवती के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। 


गोली चलने की आवाज से परिजनों की नींद खुली तो घर के आंगन में युवती का लहूलुहान शव मिला। सुबह-सुबह घटी घटना से गांव में खलबली मच गई। परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पाकर एसपी एस आनंद भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल की जांच की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वारदात का कारण स्पष्ट नहीं है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


रामपुरचिट गांव निवासी हरेंद्र यादव की बेटी गुड़िया यादव (25) परिवार के साथ घर में थी। सावन के अंतिम सोमवार की पूजा के लिए वो अलसुबह ही उठ गई थी। करीब चार बजे गोली चलने की आवाज से परिजनों की नींद खुली। कमरे से बाहर निकले तो देखा कि तीन लोग दीवार फांद रहे हैं। आंगन में गुड़िया निढाल पड़ी थी। उसके सिर के चिथड़े उड़ गए थे। अंधेरा होने के कारण बदमाशों को कोई पहचान नहीं सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर एसपी एस आनंद, एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी, सीओ सदर अशोक मिश्रा, थाना प्रभारी आरएस नागर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।


 फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किया। युवती स्नातक उतीर्ण थी। वो प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटी थी। परिजन उसकी शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे। एसपी एस आनंद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिवार वाले घटना के पीछे का कारण नहीं बता पा रहे हैं। तीन के खिलाफ परिजनों ने तहरीर दी है। कई बिन्दुओं पर जांच पड़ताल और संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का पता कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment