आजमगढ़ शादी समारोह में पहुंचे अखिलेश यादव तो हुई भगदड़ की स्थिति
सपा कार्यकर्ताओं की उमड़ी भारी भीड़
उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का रविवार को आजमगढ़ जिले के बैठौली में लक्ष्मण यादव के यहां शादी समारोह में आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। वर-वधू को आशीर्वाद देने के बाद अखिलेश यादव सठियांव के लिए रवाना हो गए। उन्होंने मीडिया से दूरी बनाकर रखी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन की सूचना से सुबह से ही सपा के कार्यकर्ता बैठौली में डा0 लक्ष्मण यादव के घर पर जमा हो गए थे। दोपहर तक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ गई। सपा प्रमुख के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। हालांकि वह नाकाफी साबित हुआ।
जैसे ही अखिलेश यादव का काफिला डा0 लक्ष्मण यादव के घर पहुंचा तो कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। सभी में अखिलेश यादव की एक झलक पाने की होड़ मच गई। इस चक्कर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की जाने लगी। हर कोई अखिलेश यादव के पास पहुंचना चाहता था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोकने में कामयाब हुई।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। आधे घंटे तक वहां रहने के बाद अखिलेश यादव मीडिया से बात किए बिना ही सठियांव के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वह जमुड़ी गए जहां पूर्व विधायक मोबिन के परिजनों से मिले। इसके बाद सुराई में सपा विधायक अखिलेश यादव के घर पहुंचे।
No comments:
Post a Comment