Sunday 14 May 2023

लखनऊ निकाय चुनाव को लेकर मायावती ने भाजपा पर लगाया आरोप परिणाम पर जताया असंतोष, दी चेतावनी


 लखनऊ निकाय चुनाव को लेकर मायावती ने भाजपा पर लगाया आरोप


परिणाम पर जताया असंतोष, दी चेतावनी


लखनऊ यूपी निकाय चुनाव के सभी रिजल्ट घोषित हो गए हैं। नगर निगम के सभी मेयरों की सीट भाजपा ने जीत ली है। पार्षदों से लेकर नगर पालिका और नगर पंचायत में भी भाजपा ने दबदबा दिखाया है। इसे लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा पर धांधली का आरोप लगाया है। मायावती ने रिजल्ट पर असंतोष जाहिर करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी ने धांधली से अधिकतर सीटें जीती हैं।


मायावती ने चेतावनी दी कि सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बसपा चुप होकर बैठने वाली नहीं है, बल्कि वक्त आने पर भाजपा को इसका जवाब जरूर मिलेगा। दूसरी तरफ भाजपा ने उनके बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनका बयान घोर हताशा का परिचायक है। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया, ’’उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा के साम, दाम, दंड, भेद आदि अनेक हथकंडों के इस्तेमाल के साथ ही साथ इनके द्वारा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बसपा चुप होकर बैठने वाली नहीं है, बल्कि वक्त आने पर इसका जवाब भाजपा को जरूर मिलेगा।’ नगर निगमों में मतपत्र से मतदान की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए उन्होंने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ’’साथ ही, तमाम विपरीत हालात का सामना करते हुए बसपा पर भरोसा करके पार्टी उम्मीदवारों को वोट करने के लिए लोगों का तहेदिल से आभार व शुक्रिया। अगर यह चुनाव भी मुक्त एवं निष्पक्ष होता तो नतीजों की तस्वीर कुछ और होती। मतपत्र से चुनाव होने पर बसपा महापौर चुनाव भी जरूर जीतती।’’ मायावती ने भाजपा के साथ ही समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी निशाना साधते हुए अगले ट्वीट में कहा, ’’वैसे चाहे भाजपा हो या सपा दोनों ही पार्टियां सत्ता का दुरुपयोग करके ऐसे चुनाव जीतने में एक-दूसरे से कम नहीं हैं, जिस कारण सत्ताधारी पार्टी ही धांधली से अधिकतर सीट जीत जाती है और इस बार भी इस चुनाव में ऐसा ही हुआ, यह अति-चिन्तनीय है।’’

No comments:

Post a Comment