Saturday 21 January 2023

मिर्जापुर कोर्ट में गोली लगने से जज घायल


 मिर्जापुर कोर्ट में गोली लगने से जज घायल



मिर्जापुर दीवानी न्यायालय परिसर में अपर जिला सत्र न्यायाधीश के चैंबर में शुक्रवार शाम को गाउन पहनते समय लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से चली गोली से जज तलेवर सिंह घायल हो गए। मंडलीय अस्पताल में ऑपरेशन के बाद गोली निकाल ली गई। जज खतरे से बाहर हैं।


 अपर जिला सत्र न्यायाधीश तलेवर सिंह (50) बुलंदरशहर के रहने वाले है। वह छह जुलाई 2022 को मिर्जापुर जिले में आए हैं। वह कोर्ट नंबर छह में बैठते हैं। उनके पास पॉक्सो एक्ट का अतिरिक्त चार्ज है। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि जज शाम चार बजे के करीब अपने चैंबर में गाउन बदल रहे थे।


इस दौरान उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर गिर गया। इससे गोली चल गई, जो उनके पैर में लगी। आवाज सुनकर लोग पहुंचे और जज को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। एक्सरे से पता चला कि गोली दाहिनी जांघ में फंसी है। डॉ0 विकास सिंह, डॉ0 राहुल, डॉ0 अमित यादव और एनेस्थिसिया डॉ0 नेहा सिंह ने ऑपरेशन कर गोली निकाल ली। एएसपी सिटी और सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा शहर कोतवाली फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ऑपरेशन के बाद जज को भर्ती कर लिया गया। 


उनकी स्थिति सामान्य है। जज को शनिवार की सुबह डिस्चार्ज किया जाएगा। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने कहा कि एडीजे तलेवर सिंह के गोली से घायल होने की सूचना मिली। जज के अनुसार गाउन पहनते समय चैंबर में लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से गोली लगी थी। इसमें न्यायपालिका के साथ मिलकर जांच की जाएगी।

No comments:

Post a Comment