Wednesday 21 December 2022

आगरा प्यार में मिला धोखा, बुझ गई 'ज्योति' पति ने गला दबाकर मार डाला, तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह


 आगरा प्यार में मिला धोखा, बुझ गई 'ज्योति'


पति ने गला दबाकर मार डाला, तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह



उत्तर प्रदेश आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिमपुरी में ज्योति को उसके पति उदय सिंह ने मार डाला। उसने मंगलवार दोपहर में वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ज्योति ने तीन साल पहले उदय सिंह से प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह के बाद खुशहाल जिंदगी के सपने संजोए थे, लेकिन उसके सपने शादी के कुछ ही दिनों बाद चकनाचूर हो गए, जब उसे पता चला कि उदय पहले से ही शादीशुदा है। उसे धोखे में रखकर उससे प्रेम विवाह किया। वह तीन साल तक इस धोखे को बर्दाश्त करती रही, लेकिन कभी सपने यह नहीं सोचा होगा कि उदय उसकी जान ले लेगा। मंगलवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसी दौरान उदय ने गला दबाकर ज्योति की हत्या कर दी। इसके बाद थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका के भाई ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।


सिक्योरिटी एजेंसी में नौकरी के दौरान ही ज्योति की दोस्ती उदय से हो गई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। वर्ष 2019 में कोर्ट मैरिज करने के बाद उदय और ज्योति शेखर एन्क्लेव में साथ रहने लगे। शादी के बाद ज्योति को पता चला कि उदय पहले से शादीशुदा है। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। मारपीट भी होती थी। ज्योति का डेढ़ साल का बेटा भी है।


मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे पति-पत्नी में झगड़ा हो गया था। दोपहर में उदय ने ज्योति की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद थाना सिकंदरा पहुंच गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सूचना पर उसे गिरफ्तार किया गया है। उदय ने बताया कि वह ज्योति को अपने घर ले जाकर रहना चाहता था। मगर, वो गांव में जाने के लिए तैयार नहीं हुई। इसको लेकर विवाद होता था। इसलिए हत्या कर दी।


घटना की जानकारी पर मृतका की मां सोना और भाई निखिल पहुंच गए। उनका कहना था कि ज्योति के साथ उदय सिंह ने धोखा किया था। इस वजह से वो विरोध करती थी। उदय ज्योति के साथ आए दिन मारपीट करता था। वह शिकायत करती थी। पुलिस से शिकायत करने पर उदय माफी मांग लेता था। उसे अपने घर ले जाता था।

No comments:

Post a Comment