Sunday 2 October 2022

मुलायम सिंह यादव आईसीयू में किए गए शिफ्ट अखिलेश यादव और परिवार के लोग गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे


 मुलायम सिंह यादव आईसीयू में किए गए शिफ्ट


अखिलेश यादव और परिवार के लोग गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे



उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव की रविवार को एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई और उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में शिफ्ट करना पड़ा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी रविवार शाम को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच गए, जहां उनके पिता और सपा नेता मुलायम सिंह यादव को भर्ती कराया गया है। मुलायम सिंह बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनका यहां लंबे समय से इलाज चल रहा है। शनिवार रात को उनकी तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें जनरल वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल की ओर से उनके परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई, जिसके बाद रविवार शाम उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी उनसे मिलने मेदांता अस्पताल पहुंच गए।


अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मुलायम सिंह यादव बीते लगभग डेढ़ महीने से अस्पताल में ही भर्ती हैं। शनिवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। वह खाना भी नहीं खा रहे हैं। उन्हें पाइप के जरिये लिक्विड डाइट दी जा रही है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले छह सितंबर को भी अखिलेश यादव और बिहार के सीएम नीतीश कुमार मुलायम सिंह से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। 


बता दें कि, समाजवादी पार्टी के संस्थापक 82 वर्षीय मुलायम सिंह वह वर्तमान में मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद हैं। इससे पहले, समाजवादी पार्टी के मुखिया की पत्नी साधना गुप्ता का इस साल जुलाई में निधन हो गया था। फेफड़ों के संक्रमण के लिए गुरुग्राम के ही मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।

No comments:

Post a Comment