Sunday 26 June 2022

आज आजमगढ़ को मिलेगा अपना सांसद सुबह आठ बजे से 14 टेबल पर चक्रवार करीब 32 से 35 राउंड तक चलेगी मतगणना


 आज आजमगढ़ को मिलेगा अपना सांसद


सुबह आठ बजे से 14 टेबल पर चक्रवार करीब 32 से 35 राउंड तक चलेगी मतगणना



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सदर लोकसभा क्षेत्र को आज अपना नया सांसद मिल जाएगा। हालांकि चुनाव में 13 प्रत्याशी खड़े हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के दिनेश लाल निरहुआ, सपा के धर्मेद्र यादव और बसपा के शाह आलम गुड्डू जमाली के बीच रहा है।




लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान 23 जून 2022 को हुआ था, जिसमें लोकसभा क्षेत्र के 9 लाख आठ हजार 623 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।



 जानकारी के अनुसार इसमें 4 लाख 66 हजार 23 पुरुष मतदाता और 4 लाख 42 हजार 600 महिला मतदाता रहीं। मतदान के बाद सभी ईवीएम को एफसीआई गोदाम बेलइसा में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।



 मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को डीएम और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।

एडीएम प्रशासन और उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा उपचुनाव की पूरी मतगणना सुबह आठ बजे से 14 टेबल पर चक्रवार होगी। करीब 32 से 35 राउंड तक मतगणना चलेगी। अनुमान है कि दोपहर दो बजे तक मतगणना का परिणाम आ जाएगा। आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र गोपालपुर, सगड़ी, आजमगढ़, मुबारकपुर और मेंहनगर आते हैं।




 इनमें से मेंहनगर में सबसे अधिक 35 चक्र की मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा होगी। शेेष विधानसभाओं में 32 राउंड तक मतगणना पूरी हो जाएगी। तीन सुरक्षा चक्र बनाए गए हैं। इनको पार करने के बाद ही कोई मतगणना स्थल तक पहुंच सकेगा। किसी को भी मोबाइल के साथ अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

No comments:

Post a Comment