Monday 30 May 2022

आजमगढ़ महाराजगंज घर में घुसकर गर्भवती महिला को मारी गोली महिला समेत पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज महाराजगंज क्षेत्र के अराजी अमानी गांव की घटना


 आजमगढ़ महाराजगंज घर में घुसकर गर्भवती महिला को मारी गोली


महिला समेत पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज


महाराजगंज क्षेत्र के अराजी अमानी गांव की घटना



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ महाराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी अमानी गांव में रविवार की देर रात 3-4 की संख्या में आए हमलावरों ने घर के बरामदे में सो रही गर्भवती महिला की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।



 गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक गांव के लोग मौके पर जुटते हमलावर रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। इस मामले में मृत महिला के पति ने गांव की महिला समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।  पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताई जा रही है।



महाराजगंज क्षेत्र के अराजी अमानी ग्राम निवासी रामजी यादव की गांव के प्रधान व उनके समर्थकों के बीच रंजिश चली आ रही है इसी के चलते बीते 21 मई की रात रामजी यादव को गोली मारी गई थी। ईलाज के बाद वह ठीक हो कर घर आ गए थे। रविवार की रात रामजी के पुत्र संतविजय की गर्भवती पत्नी अंतिमा घर के बरामदे में सोई हुई थी। फिर रात करीब 2 बजे चार की संख्या में आए हथियारबंद लोग घर में घुस गए और बरामदे में चारपाई पर सोई अंतिमा को गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर परिवार के लोग जगे और उनके शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।




 घायल महिला को आनन-फानन मे  सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 



इस संबंध में मृतका के पति का कहना है कि हमलावर मुझे मारने के इरादे से आए थे और गलतफहमी से पत्नी उनका निशाना बन गई। संतविजय का यह भी आरोप है कि इस घटना में गांव की एक महिला का भी हाथ है। वही हमलावरों को परिवार के बारे में पल-पल की जानकारी दे रही थी। 



मृतका के पति संतविजय की तहरीर पर महाराजगंज थाने में गांव के तहसीलदार यादव, चंद्रशेखर यादव, उपेंद्र यादव, मोहम्मद ताहा तथा शीला देवी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

No comments:

Post a Comment