Wednesday 13 April 2022

आजमगढ़ किशोरियों की अस्मत लूटने वाले दो आरोपी सहित तीन गिरफ्तार


 आजमगढ़ किशोरियों की अस्मत लूटने वाले दो आरोपी सहित तीन गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला एवं गंभीरपुर थाने की पुलिस ने किशोरवय लड़कियों की अस्मत लूटने के मामले में वांछित दो आरोपियों सहित तीन को गिरफ्तार किया है।



अहरौला थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने बीते 2 अप्रैल को शादी का झांसा देकर पुत्री का शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप है कि इस बाबत शिकायत करने पर विपक्षियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। 



पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा पंजीकृत किया। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि इस मामले में मुख्य आरोपी का दो अन्य सहयोगी भी संलिप्त हैं। 



बुधवार की सुबह पुलिस ने क्षेत्र के शाहपुर चौराहे के समीप मुख्य आरोपी के सहयोगी रहे सिंटू सोनकर पुत्र लालचंद ग्राम हसनाडीह व एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। इस घटना में मुख्य आरोपी शाहआलम पुत्र जिब्रील निवासी ग्राम मेहियापार अभी फरार चल रहा है।



 इसी क्रम में गंभीरपुर थाने की पुलिस ने बहन के घर आई किशोरवय लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में आरोपित युवक को बुधवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति का आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व मैं अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गंभीरपुर थाना क्षेत्र में ब्याही गई बड़ी बेटी के घर गया था। इसी दौरान उस गांव के एक युवक ने मेरी पुत्री के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया और जुबान खोलने पर हत्या करने की धमकी देकर उसे चुप रहने को मजबूर कर दिया।



 पीड़िता के आपबीती बताने पर आरोपी के खिलाफ मुकामी थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। गंभीरपुर पुलिस ने बुधवार की दोपहर क्षेत्र के फरीदगंज तिराहे से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अकीब पुत्र शमीम क्षेत्र के नगवा कमरावां गांव का निवासी बताया गया है।

No comments:

Post a Comment